पुनः संशोधित शनिवार, 14 मई 2022 (18:31 IST)
अगरतला। माणिक साहा त्रिपुरा के अगले मुख्यमंत्री होंगे। साहा को विधायक दल का नेता चुना गया। मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि एंटीइन्कमबेंसी को खत्म करने के लिए देब से इस्तीफा लिया गया है।
विवादित बयानों को लेकर चर्चाओं में : बिप्लब अपने विवादियों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहे हैं। वे महाभारत काल में इंटरनेट और सैटेलाइट होने का दावा कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने कहा था कि यह वह देश है, जिसमें महाभारत के दौरान संजय ने हस्तिनापुर में बैठकर धृतराष्ट्र को बताया था कि कुरुक्षेत्र के युद्ध में क्या हो रहा है।
देब ने एक बार युवाओं को नौकरियों के बदले पान की दुकान खोलने की सलाह दे डाली। उन्होंने कहा कि, युवा कई सालों तक राजनीतिक दलों के पीछे सरकारी नौकरी के लिए पड़े रहते हैं. वह अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय यहां-वहां दौड़-भाग कर सरकारी नौकरी की तलाश में बर्बाद करते हैं। मगर वही युवा सरकारी नौकरी तलाश करने के लिए राजनीतिक पार्टियों के पीछे भागने की बजाय पान की दुकान लगा लेते तो उनके बैंक खाते में अब तक 5 लाख रुपए जमा होते।